अमृता और वर्तिका सीएनईबी न्यूज से जुड़ीं
एनडीटीवी इंडिया, दिल्ली से कार्यमुक्त हो चुकीं एंकर अमृता राय ने कुछ दिनों बाद ही नई पारी की शुरुआत हिंदी न्यूज चैनल ”सीएनईबी न्यूज” के साथ कर दी है। अमृता राय ने सीएनईबी न्यूज में एंकर और स्पेशल करेस्पांडेंट के रूप में ज्वाइन किया है। अमृता कई वर्षों से एनडीटीवी से जुड़ी हुई थीं। पिछले दिनों एनडीटीवी प्रबंधन ने मंदी से निपटने के नाम पर और खर्चे बचाने के लिए दिल्ली आफिस से कई वरिष्ठ-कनिष्ठ मीडियाकर्मियों को कार्यमुक्त कर दिया था। इनमें अमृता राय समेत दो जानी-पहचानी एंकर भी थीं। उधर, एक अन्य सूचना के मुताबिक लोकसभा टीवी की हेड रहीं और सहारा के नेशनल चैनल ”समय” में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकीं पत्रकार वर्तिका नंदा भी सीएनईबी न्यूज से जुड़ गई हैं। वे सीएनईबी के लिए फिलहाल एक चुनावी कार्यक्रम पेश कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि सीईओ और एडिटर इन चीफ के रूप में सीएनईबी न्यूज की कमान संभाले मशहूर पत्रकार राहुल देव ने इस चैनल से हिंदी पत्रकारिता के कई वरिष्ठ लोगों को जोड़ा है। आलोक तोमर, प्रदीप सिंह, अमरेंद्र राय के बाद अब अमृता राय और वर्तिका नंदा के भी आ जाने से सीएनईबी की न्यूज टीम कई मजबूत कहे जाने वालों हिंदी टीवी न्यूज चैनलों से ज्यादा समृद्ध हो गई है। सीएनईबी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सीएनईबी की विविधतापूर्ण और दक्ष न्यूज टीम राहुल देव के नेतृत्व में कंटेंट को लेकर कई नए प्रयोग करने में जुटी हुई है। इस टीम की कोशिश ड्रामा और नान-न्यूज की जगह टीवी न्यूज इंडस्ट्री में फिर से कंटेंट और न्यूज को स्थापित करने की है। इस दिशा में कई कार्यक्रमों के जरिए प्रयोग की शुरुआत की जा चुकी है। चुनाव में भी इस चैनल ने कई तरह के नए प्रयोग किए हैं। समाज के आखिरी आदमी तक पहुंचने और इनसे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कई तरह के विशेष प्रोग्राम दिखाए जा रहे हैं।




